सुनाम/संगरूर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। ओवरब्रिज के पास एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ पंजाब रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन की एक बस का अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन ने तुरंत मौके पर पहुँचकर घायलों को बस से बाहर निकाला और इलाज के लिए नजदीकी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार
बस ओवरब्रिज के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और बस पेड़ से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस पहले डिवाइडर से टकराई और असंतुलित हो खेत में उतर गई । उसके वृक्ष से टकरा गई।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हादसे पर दुख जताया
संगरूर में PRTC बस के दुखद एक्सीडेंट की खबर बहुत दुखद है… एक्सीडेंट में 3 कीमती जानें चली गई हैं और 24 घायलों में से 15 को बेहतर इलाज के लिए पटियाला रेफर किया गया है… एडमिनिस्ट्रेशन को सभी का फ्री इलाज करने के निर्देश दिए गए हैं… भगवान दिवंगत आत्माओं को शांति दे और परिवारों को यह दुख सहने की ताकत दे… मैं घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं…














