अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद पंजाब के खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह को राहत मिली है। दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अमृतसर कोर्ट ने एक दिन की अंतरिम जमानत दी है।

अमृतपाल सिंह की दादी का 8 नवंबर का निधन हो गया था। इसके बाद परिवार ने अमृतपाल को अंतिम संस्कार और अन्य पारिवारिक धार्मिक रस्मों में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की थी। इस संबंध में अमृतसर कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी।
परिवार की ओर से 14 से 17 नवंबर तक चार दिन की अंतरिम जमानत देने की मांग की गई थी, लेकिन कोर्ट ने एक दिन की अंतरिम जमानत मंजूर की है। कल वह पंजाब आएंगे।

अमृतपाल के वकील कर्मवीर सिंह ने अमृतपाल को अंतरिम जमानत की पुष्टि करते हुए कहा कि उनके दूसरे रिश्तेदारों को भी अंतरिम जमानत दी गई है।
परिवार ने अंतिम संस्कार रोककर रखा था दादी के निधन के बाद अमृतपाल सिंह के परिवार ने उनका अंतिम संस्कार करने का फैसला टाल दिया था। परिवार की मांग थी कि जब तक अमृतपाल सिंह को अंतरिम जमानत नहीं मिलती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
परिवार का कहना था कि अमृतपाल सिंह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होना चाहते हैं और यह उनका पारिवारिक एवं मानवीय अधिकार है।
अदालत ने दी थी 10 मिनट वीडियो कॉल की मंजूरी अमृतपाल सिंह की दादी जब ज्यादा बीमार थीं, तब भी उनसे बातचीत करवाने के लिए वीडियो कॉल की अनुमति मांगी गई थी। अदालत ने अमृतपाल सिंह को 10 मिनट की वीडियो कॉल की अनुमति दी थी। हालांकि, उनके वकीलों ने आरोप लगाया था कि प्रशासन ने समय पर वीडियो कॉल की व्यवस्था नहीं की।
2 सीटों से चुनाव लड़ सकते हैं अमृतपाल
सांसद अमृतपाल 2027 में पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ने वाले हैं। 2 सीटों से उनके चुनाव लड़ने की चर्चा है। जिसमें एक खडूर साहिब और दूसरी सीट धूरी मानी जा रही है। जहां से सीएम भगवंत मान चुनाव लड़ते हैं।














