हरकमलप्रीत सिंह खख ने जालंधर देहात के बतौर नए SSP संभाला पदभार, बोले- गैंगस्टर, नशे और अपराध के खिलाफ होगी जीरो टॉलरेंस नीति

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले IPS और PPS अधिकारियों के तबादलों के तहत हरकमलप्रीत सिंह खख को जालंधर देहात का नया SSP नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह मलेरकोटला में SSP के पद पर तैनात थे। तबादले के बाद उन्होंने शुक्रवार को हरविंदर सिंह विर्क की जगह जालंधर देहात पुलिस के SSP का कार्यभार संभाल लिया।

पदभार संभालने के दौरान पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस मौके पर विभिन्न थानों के SHO और DSP रैंक के अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नए SSP का स्वागत किया।

गैंगस्टर, नशे और अपराध पर जीरो टॉलरेंस

कार्यभार संभालने के बाद SSP हरकमलप्रीत सिंह खख ने कहा कि अपराध को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और DGP गौरव यादव की नीति बिल्कुल स्पष्ट है- जीरो टॉलरेंस। अपराध सभ्य समाज के लिए नासूर है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस के साथ-साथ आम जनता का सहयोग भी बेहद जरूरी है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने अधिकारों के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियों को भी समझें और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।

सभी थानों के SHO के साथ करेंगे बैठक

SSP खख ने बताया कि पदभार संभालने के बाद वह सभी थानों के SHO के साथ बैठक करेंगे। इसमें गैंगस्टरों, नशा तस्करी और आपराधिक वारदातों पर नकेल कसने के लिए सख्त कार्रवाई की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को कम करना है, ताकि लोग बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकें और अपराध पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके।