पहाड़ीपुर BOP के पास तड़के 3 बजे की घटना, BSF-पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने संभाला मोर्चा; पूरे सीमावर्ती इलाके में बढ़ाई गई चौकसी
पठानकोट, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब के पठानकोट जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने नाकाम कर दिया। शुक्रवार तड़के बमियाल बॉर्डर पर पहाड़ीपुर BOP के पास पाकिस्तान की ओर से भारतीय सीमा में दाखिल होने का प्रयास कर रहे एक घुसपैठिये को जवानों ने कार्रवाई के दौरान मार गिराया।

जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे की है। सीमा पर तैनात BSF जवानों ने पाकिस्तान की ओर से एक व्यक्ति को भारतीय सीमा में घुसते हुए देखा। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए जवानों ने तत्काल कार्रवाई की, जिसमें घुसपैठिये की मौत हो गई।
घटनास्थल पर पहुंचीं सुरक्षा एजेंसियां, जांच शुरू
घटना के बाद सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और इलाके की घेराबंदी कर दी गई। BSF, पंजाब पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सुरक्षा एजेंसियां घुसपैठिये की पहचान, भारतीय सीमा में प्रवेश करने के मकसद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही हैं।
सीमावर्ती इलाके में हाई अलर्ट
थाना नरोट जैमल सिंह के प्रभारी दलजीत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि BSF ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया है। विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। एहतियात के तौर पर पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में चौकसी बढ़ा दी गई है।














