आज पंजाब बंद का आह्वान: बरनाला लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज सड़कों पर, सरकार के सामने रखीं 2 नई मांगें

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज ने आज (27 जुलाई) पंजाब बंद का आह्वान किया है। विभिन्न वाल्मीकि संगठनों ने आम जनता, व्यापारियों, सामाजिक संस्थाओं और सभी वर्गों से बंद का समर्थन करने की अपील की है। बंद के दौरान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान, स्कूल-कॉलेज और परिवहन सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, हालांकि सभी संगठनों की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

यह मामला 22 जुलाई का है, जब बरनाला में पक्की नौकरी, वेतन वृद्धि और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने जैसी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। वीडियो में महिला सफाई कर्मचारियों के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी के आरोप भी सामने आए।

घटना के बाद पंजाब सरकार ने कार्रवाई करते हुए डीएसपी सतवीर सिंह को निलंबित कर दिया, लेकिन वाल्मीकि समाज का कहना है कि केवल निलंबन पर्याप्त नहीं है।

समाज ने दो प्रमुख मांगें रखी हैं—पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए तथा बल प्रयोग के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर पीड़ित सफाई कर्मचारियों को न्याय दिलाया जाए।

पंजाब बंद के दौरान राज्यभर में शांतिपूर्ण प्रदर्शन और रैलियों की तैयारी की गई है। आयोजकों ने समर्थकों से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

इस घटना को लेकर भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल सहित विपक्षी दलों ने भी पंजाब सरकार को घेरा है। वहीं, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग (NCSK) और एससी आयोग के हस्तक्षेप के बाद इस मामले ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर व्यापक चर्चा छेड़ दी है।