एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का दूसरा दिन: भारत, जापान और मलेशिया ने दर्ज की जीत, भारत ने चीन को 5-2 से हराया

जापान ने बांग्लादेश को 1-0 और मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से दी मात

कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने पंजाब में प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के आयोजन का श्रेय मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों को दिया

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में आज तीन रोमांचक और जोरदार मुकाबले खेले गए, जिनमें मेजबान भारत, जापान और मलेशिया ने शानदार जीत दर्ज की।

पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने भी भारत और चीन के बीच खेले गए मुकाबले का आनंद लिया तथा दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निरंतर प्रयासों के चलते ही पंजाब को प्रतिष्ठित एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने का अवसर मिला है। पंजाब को देश में हॉकी का गढ़ बताते हुए स खुड्डियां ने कहा कि राज्य सरकार इस टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है।

भारत और चीन के बीच खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को 5-2 से पराजित किया।

भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने बेहतरीन ड्रैग फ्लिक का प्रदर्शन करते हुए 27वें और 31वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए दो गोल किए।

सुखजीत सिंह ने 12वें और 34वें मिनट में दो फील्ड गोल दागे, जबकि जुगराज सिंह ने 47वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की जीत सुनिश्चित की।

चीन की ओर से पेंग यांग ने 26वें मिनट में और चोंगकोंग चेन ने 36वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल किए।

एक अन्य मुकाबले में जापान ने कड़े संघर्ष के बाद बांग्लादेश को 1-0 से शिकस्त दी। जापान की ओर से राइकी फुजीशिमा ने 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए निर्णायक गोल किया।

इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया। मलेशिया की ओर से अजीमुद्दीन कमरुद्दीन ने 10वें मिनट में मैदानी गोल करके अपनी टीम का खाता खोला।

दक्षिण कोरिया ने जोरदार वापसी करते हुए 31वें मिनट में सोंग हे-सोंग के मैदानी गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया।

इसके बाद मलेशियाई टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दो और गोल दागे। मोहम्मद अखीमुल्ला अनवर एसुक ने 36वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके अपनी टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई।

इसके बाद 50वें मिनट में फैजल बिन सारी ने एक और गोल करके स्कोर 3-1 कर दिया। मलेशिया ने यह बढ़त मुकाबले के अंत तक कायम रखी।