लुधियाना, रोजाना भास्कर ब्यूरो: ऑनलाइन गेमिंग के जरिए हुई दोस्ती एक युवती के लिए बड़ी मुसीबत बन गई। आरोप है कि जालंधर के युवक ने पहले दोस्ती का विश्वास जीता और फिर मुलाकातों के दौरान उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच लीं। बाद में उन्हीं तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे अक्सर अपनी कार में मिलने बुलाता था। एक मुलाकात के दौरान उसने कथित तौर पर छेड़छाड़ की और विरोध करने पर मारपीट भी की। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी उसका मोबाइल फोन और सोने का ब्रेसलेट छीनकर फरार हो गया।
मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना हैबोवाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने युवाओं को ऑनलाइन दोस्ती करते समय सतर्क रहने और निजी जानकारी या तस्वीरें साझा करने से बचने की सलाह दी है।














