जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के किशनपुरा इलाके में सोमवार सुबह एक घर में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। घर के मंदिर में लगे पंखे में हुए शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा घर इसकी चपेट में आ गया और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। घटना के दौरान घर में रखा सिलेंडर भी फट गया, जिससे आग और भड़क गई तथा आग बुझाने की कोशिश कर रहे कई लोग झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। हालांकि आग लगातार फैलती रही। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम चार गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।
घर के मालिक और भाजपा नेता प्रशांत गंभीर के पिता सुदर्शन कुमार ने बताया कि सुबह वह सैर के लिए घर से निकलने वाले थे, तभी मंदिर में लगे पंखे से अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। उन्होंने कहा कि देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए, लेकिन आग पर काबू पाने के दौरान घर के अंदर रखा सिलेंडर फट गया, जिससे कई लोग झुलस गए।
सुदर्शन कुमार ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना देने के बावजूद टीम को पहुंचने में देरी हुई, जिसके कारण आग ने भयावह रूप ले लिया और घर का सारा सामान जल गया। उन्होंने कहा कि आग लगने से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
वहीं फायर ब्रिगेड अधिकारी रविंदर सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही टीम मौके के लिए रवाना हो गई थी, लेकिन इलाके की संकरी गलियों और नीचे लटकती बिजली की तारों के कारण दमकल गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में दिक्कत हुई। उन्होंने कहा कि टीम ने पूरी मेहनत से आग पर काबू पाया और आसपास के घरों को भी सुरक्षित बचा लिया।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।














