जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के पॉश इलाके छोटी बारादरी में देर रात गोलीबारी की बड़ी घटना सामने आने से इलाके में दहशत फैल गई। सूत्रों के मुताबिक एक गाड़ी में सवार होकर आए कुछ युवकों ने अचानक मौके पर पहुंचकर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फायरिंग करने वाले आरोपियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि फायरिंग हवा में की गई थी या किसी को निशाना बनाकर।
सूत्रों के अनुसार मामले को दबाने की भी कोशिश की जा रही है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पूरे घटनाक्रम को लेकर इलाके में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है।














