जालंधर के Mariton Hotel में देर रात बवाल, जमकर चले लात-घूंसे; एक युवक घायल

जालंधर, रोजाना भास्कर न्यूज: Mariton Hotel में पार्टी के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर हंगामा हो गया। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया और दोनों पक्षों में लात-घूंसे चलने लगे। घटना में भल्ला नामक युवक के सिर पर गहरी चोटें आई हैं, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।

पार्टी के दौरान विवाद, होटल स्टाफ पर गंभीर आरोप

पीड़ितों के अनुसार, होटल में पार्टी आयोजित की गई थी। आरोप है कि एक महिला को बचाने के दौरान वेटर, मैनेजर रजत और बाउंसर ने उनके साथ मारपीट की। वहीं, होटल स्टाफ पर महिला कलाकार के साथ गलत व्यवहार करने और एक महिला को बैड टच करने के भी आरोप लगाए गए हैं।

पीड़ित पक्ष का दावा है कि उन्होंने होटल संचालक को विवाद सुलझाने के लिए मेयर वनीत धीर और सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली के समझौते का हवाला दिया, लेकिन इसके बावजूद विवाद बढ़ गया।

दो दिन पहले हुआ था समझौता

बताया जा रहा है कि Mariton Hotel को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दो दिन पहले ही मेयर वनीत धीर और सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाया था। इसके बावजूद दोबारा विवाद सामने आने से मामला चर्चा में है।

पार्टी आयोजकों का आरोप है कि होटल मैनेजमेंट ने जिन शर्तों और सर्विस को लेकर सहमति दी थी, पार्टी के दौरान उसका पालन नहीं किया गया। इसी बात को लेकर मैनेजर से बहस हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।

घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज व दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।