जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब के कैबिनेट मंत्री एवं आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी अमन अरोड़ा ने नशे और अवैध माइनिंग के मुद्दे पर भाजपा, CBI और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई को राजनीतिक रंग देने के बजाय सभी को मिलकर काम करना चाहिए। वहीं, परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड पर दुख जताते हुए उन्होंने परिवार से अंतिम संस्कार करने की अपील की और भरोसा दिलाया कि सरकार उन्हें इंसाफ दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

अमित शाह के बयान पर पलटवार, बोले- परिवार का साथ दें
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नशे को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने का है। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग नशे के खिलाफ एकजुट हैं और सरकार इस लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
84 हजार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई का दावा
अमन अरोड़ा ने दावा किया कि पंजाब में नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान 84 हजार तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जबकि 65 हजार आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में पंजाब के तीन करोड़ लोगों का सहयोग जरूरी है। उनके मुताबिक, पिछले 15 वर्षों में फैले नशे के संकट को खत्म करने में समय लगेगा, लेकिन सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
अवैध माइनिंग पर CBI से सवाल, चन्नी को भी घेरा
अवैध माइनिंग के मुद्दे पर अमन अरोड़ा ने CBI की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पूछा कि एजेंसी साढ़े चार साल तक चुप क्यों रही और अब हाईकोर्ट में याचिका दायर करने की जरूरत क्यों पड़ी। सांसद चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधते हुए उन्होंने पूछा कि वह इतने समय तक कहां थे। उन्होंने चन्नी के भांजे के घर से नकदी बरामद होने के मामले का जिक्र करते हुए भी सवाल उठाए और कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति करने से बचना चाहिए।
परविंदर झोटा के परिवार से शांति बनाए रखने की अपील
परविंदर सिंह झोटा की हत्या की निंदा करते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि परिवार का नुकसान कभी पूरा नहीं किया जा सकता। उन्होंने परिवार से अंतिम संस्कार करने की अपील की और भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद मामले की निगरानी कर रहे हैं।
गौशाला समितियों के साथ बैठक, 21 तारीख को अगली मीटिंग
अमन अरोड़ा ने बताया कि गौशाला सेवा समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक की गई। इसमें सड़कों पर गौ माता की हो रही कथित बेअदबी और अन्य समस्याओं के समाधान पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि इन मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए 21 तारीख को चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में अगली बैठक रखी गई है।
दीपक बाली को हलका इंचार्ज बनाने पर भी बोले अमन अरोड़ा
दीपक बाली को हलका इंचार्ज बनाए जाने के सवाल पर अमन अरोड़ा ने कहा कि थियाड़ा के कामकाज में कोई कमी नहीं थी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कोई नेता किसी से बड़ा नहीं होता और जनता ही तय करती है कि किस नेता को कितना महत्व देना है।














