‘डेविल मोमोज’ पर ग्राहक ने ऑर्डर किए वेज मोमोज, दुकानदार ने थमा दिए चिकन मोमोज! दुकान के बाहर ग्राहक-दुकानदार में तीखी नोकझोंक

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। मॉडल हाउस स्थित ‘डेविल मोमोज’ के बाहर देर रात खाने के ऑर्डर को लेकर ग्राहक और दुकान कर्मचारियों के बीच तीखी बहस के बाद हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि ग्राहक ने वेज मोमोज का ऑर्डर दिया था, लेकिन आरोप है कि उसे चिकन मोमोज परोस दिए गए। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते काफी बढ़ गया।

ग्राहक और दुकान कर्मचारियों के बीच हुई कहासुनी के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो भी रिकॉर्ड किया। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और बहस होती दिखाई दे रही है। ग्राहक ने सही ऑर्डर नहीं मिलने और इसके बाद दुकान कर्मचारियों के व्यवहार पर नाराजगी जताई।

हंगामे की सूचना मिलने पर जगरूप नामक जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत करवाया। विवाद के कारण मॉडल हाउस के व्यस्त इलाके में कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण रहा और राहगीरों व आसपास के दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

फिलहाल विवाद को लेकर दोनों पक्षों के दावों की पूरी स्थिति संबंधित जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।