नशा तस्करों पर सख्ती के लिए पुलिस को खुली छूट, DSPs को मिलेंगे 117 नए वाहन: CM मान

फिल्लौर में ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान की समीक्षा, परमिंदर झोटा हत्याकांड के दोषियों और साजिशकर्ताओं को सजा दिलाने का संकल्प

फिल्लौर (जालंधर), रोजाना भास्कर ब्यूरो। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को पंजाब पुलिस अकादमी, फिल्लौर में ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ अभियान की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस पर कोई राजनीतिक दबाव नहीं होगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है। अभियान को मजबूत करने के लिए DSPs को 117 नए वाहन देने की घोषणा भी की।

मान ने केंद्र सरकार पर पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में केंद्र और सभी राज्यों को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के आदी लोगों के इलाज और पुनर्वास पर ध्यान दिया जाएगा, जबकि तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।

परमिंदर झोटा हत्याकांड पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी और जांच में साजिश सामने आने पर उसे भी उजागर किया जाएगा।

उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग देने और युवाओं को खेलों से जोड़ने की अपील की। बैठक में कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, हरपाल सिंह चीमा, डॉ. बलबीर सिंह, तरुनप्रीत सिंह सौंद और DGP गौरव यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।