कपूरथला, रोजाना भास्कर ब्यूरो। कपूरथला के एक गांव में नशे के दौरान तबीयत बिगड़ने से एक युवक की मौत हो गई। आरोप है कि उसके साथ मौजूद दोस्त उसे खेतों में छोड़कर चले गए। अगले दिन मौत होने के बाद दोस्तों ने शव को खेत में दफना दिया और घटना को छिपाने का प्रयास किया। पुलिस जांच के दौरान करीब 14 दिन बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया।

मृतक की पहचान अमनदीप सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी देसल के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार अमनदीप सिंह 14 अगस्त को गांव के कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। परिवार ने इसकी सूचना थाना फत्तूढींगा पुलिस को दी। कई दिन तक उसका कोई सुराग नहीं मिला।
परिजनों ने जब अमनदीप की मोबाइल डिटेल की जांच करवाई तो सामने आया कि उसने आखिरी बार अपने कुछ दोस्तों से बातचीत की थी। इसके बाद परिवार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी।
दो दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ
थाना फत्तूढींगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमनदीप के दो दोस्तों को पूछताछ के लिए थाने लाया। थाना फत्तूढींगा के एसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि परिवार की शिकायत के आधार पर गांव के युवक वरिंदर और पलविंदर उर्फ अजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों ने खेत में शव दबाए जाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने धान के खेत से अमनदीप सिंह का शव बरामद कर लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल कपूरथला भेज दिया है। एसआई दिलबाग सिंह के मुताबिक पोस्टमार्टम करवाने और परिवार के बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।














