पंजाब कांग्रेस के मंच पर दिलचस्प वाकया: राजा वड़िंग ने चन्नी समर्थक से लगवाए नारे, फोन न उठने पर ली चुटकी

चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान उस समय दिलचस्प माहौल बन गया, जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मंच पर मौजूद पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के एक समर्थक को बुलाकर पहले चन्नी के समर्थन में नारे लगवाए और फिर उनसे वहीं से चन्नी को फोन मिलाने के लिए कहा।

हालांकि, समर्थक द्वारा फोन किए जाने के बावजूद चरणजीत सिंह चन्नी ने कॉल रिसीव नहीं की। इस पर राजा वड़िंग ने हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी लेते हुए कुलबीर सिंह जीरा से कहा कि वे अपना नंबर उस युवक को दे दें।

वड़िंग ने मुस्कुराते हुए कहा, “चन्नी साहिब शायद व्यस्त होंगे, हो सकता है कल आपको फोन कर दें। लेकिन अगर आपको कोई काम हो, तो आप मुझे फोन कर सकते हैं।”

कार्यक्रम के दौरान हुई यह टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई और इसे कांग्रेस के अंदरूनी माहौल से जोड़कर भी देखा जा रहा है।