पंजाब की महिला पुलिस इंस्पेक्टर ने लगाए रेप के गंभीर आरोप: अश्लील वीडियो बनाकर 3 साल तक ब्लैकमेल करने का दावा, केस दर्ज

लुधियाना, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब पुलिस की एक महिला इंस्पेक्टर ने एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए रेप का मामला दर्ज कराया है। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और करीब तीन वर्षों तक कथित रूप से यौन शोषण करता रहा। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा दिया, बाद में मुकर गया और इस दौरान उसका तीन बार गर्भपात भी करवाया।

महिला इंस्पेक्टर, जो वर्तमान में कमिश्नरेट पुलिस में तैनात हैं, ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उनकी मुलाकात आरोपी साहिबमीत, निवासी मॉडल टाउन, लुधियाना से हुई थी।

आरोप है कि किसी काम के बहाने बुलाकर आरोपी ने नशीला पदार्थ पिलाया और उसके बाद दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि आरोपी ने घटना की वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और लगातार ब्लैकमेल करता रहा।

शिकायत के आधार पर थाना दाखा (लुधियाना देहात) पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रेप सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है। मामले की जांच की जा रही है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में आरोपी के पुलिस कर्मचारी होने की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।