पंजाब को 4 साल बाद मिला रेगुलर DGP, गौरव यादव की नियुक्ति पर लगी मुहर; 2 साल का होगा कार्यकाल

चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब पुलिस को करीब चार साल बाद रेगुलर डीजीपी मिल गया है। पंजाब सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी गौरव यादव को नियमित पुलिस महानिदेशक (DGP) नियुक्त किया है। इस संबंध में शुक्रवार को आदेश जारी किए गए। यह नियुक्ति संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की ओर से भेजे गए पैनल पर विचार करने के बाद की गई है।

जानकारी के मुताबिक, UPSC ने 1 जुलाई 2026 को पंजाब के डीजीपी पद के लिए तीन आईपीएस अधिकारियों का पैनल तैयार किया था। इसमें गौरव यादव के अलावा डॉ. शरद सत्य चौहान और हरप्रीत सिंह सिद्धू के नाम शामिल थे। जारी आदेश के अनुसार, गौरव यादव का कार्यकाल पदभार संभालने की तारीख से कम से कम दो साल होगा।

गौरतलब है कि गौरव यादव जुलाई 2022 से पंजाब के कार्यकारी डीजीपी के रूप में पुलिस विभाग की कमान संभाल रहे थे। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले गौरव यादव पुलिस विभाग में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कार्यकारी डीजीपी बनने से पहले वह मुख्यमंत्री कार्यालय में भी अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अब उनकी नियमित नियुक्ति के साथ पंजाब पुलिस को स्थायी नेतृत्व मिल गया है।