चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब में जनगणना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 30 अप्रैल से 14 मई 2026 तक लोग ऑनलाइन “स्व-गणना” के जरिए अपनी जानकारी खुद भर सकेंगे।
इसके बाद 15 मई से 13 जून 2026 तक सरकारी टीमें घर-घर जाकर 33 सवालों के आधार पर मकान और सुविधाओं से जुड़ा डेटा जुटाएंगी। इस कार्य के लिए करीब 67 हजार कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा।

जनगणना दो चरणों में पूरी होगी। पहला चरण मकान सूची और आवास गणना का होगा, जबकि दूसरा चरण 9 फरवरी 2027 से शुरू होकर हर व्यक्ति की विस्तृत जानकारी दर्ज करेगा। यह डेटा सरकार की योजनाओं और नीतियों के लिए अहम आधार बनेगा।
ऑनलाइन स्व-गणना के लिए नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। इसमें परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर, ओटीपी वेरिफिकेशन और भाषा चयन के बाद मकान, परिवार, सुविधाओं और संपत्ति से जुड़ी जानकारी भरनी होगी।
फाइनल सबमिट के बाद एक यूनिक SEID नंबर जनरेट होगा, जिसे सुरक्षित रखना जरूरी है।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सही और पूरी जानकारी दें, ताकि जनगणना के आंकड़े सटीक तैयार हो सकें।
#PunjabCensus #Census2026 #ChandigarhNews #PunjabNews #DigitalSurvey #GovernmentUpdate #IndiaCensus #PublicAwareness #BreakingNews














