अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। घर के बाहर खड़ी कार पर गोली लगने का निशान मिला है। मौके से एक गोली का खोल भी बरामद किया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज में गोली चलने की आवाज रिकॉर्ड हुई है। हालांकि, अभी तक फायरिंग करने वालों की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच की जा रही है।

पुलिस ने मौके से बरामद गोली के खोल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के कैमरों की फुटेज के आधार पर फायरिंग करने वालों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच जारी है।
ज्ञानी रघबीर सिंह अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार रह चुके हैं। इससे पहले वह सुखबीर सिंह बादल को धार्मिक सजा सुनाए जाने के दौरान भी चर्चा में रहे थे। पुलिस अब फायरिंग की घटना के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है।














