अहमदाबाद, रोजाना भास्कर ब्यूरो। अवैध घुसपैठ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अहमदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न इलाकों से 290 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में 131 लोगों की पहचान अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में हुई है, जबकि करीब 160 अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है।

पुलिस ने देर रात चंडोला, गुलाबनगर और खोडियारनगर क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान संदिग्धों के दस्तावेजों और पहचान पत्रों की जांच की गई। अधिकारियों के अनुसार, नागरिकता और पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन अभी जारी है।
क्राइम ब्रांच का कहना है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए शहरभर में व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। जिन लोगों के दस्तावेज संदिग्ध पाए जा रहे हैं, उनसे गहन पूछताछ की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।














