बड़ी खबर: लुधियाना में जहरीली गैस चढ़ने से बाप-बेटे समेत 3 की मौत, कई मजदूर बेहोश, मची अफरा-तफरी

लुधियाना, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर की एक पाना-चाबी निर्माण फैक्ट्री में जहरीली गैस लीक होने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में बाप-बेटे समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर दम घुटने और आंखों में तेज जलन के कारण बेहोश हो गए। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे फैक्ट्री के अंदर वेस्टेज गटर का ढक्कन खोलते ही जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस इतनी तेजी से फैली कि मजदूरों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। मृतकों की पहचान मान सिंह, उनके बेटे अमित और श्रीराम के रूप में हुई है।

परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद फैक्ट्री प्रबंधन ने उन्हें कोई सूचना नहीं दी। परिवार अपने स्तर पर तलाश करते हुए अस्पताल पहुंचा, जहां उन्हें दोनों की मौत की खबर मिली। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है, जबकि प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है।