जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। सीटी इंस्टीट्यूट के शाहपुर कैंपस में छात्रों के बीच कैंटीन के खाने को लेकर विवाद के बाद झड़प हो गई। हंगामे के दौरान हॉस्टल में तोड़फोड़ हुई और कई खिड़कियों के कांच टूट गए। सामने आए वीडियो में कैंपस में अफरा-तफरी और कुछ छात्रों के हाथों में बैट व रॉड दिखाई दे रही हैं। हालांकि, थाना-5 के SHO यादविंदर सिंह ने डंडे, बैट या तेजधार हथियार चलने से इनकार किया है।

खाने में टैबलेट मिलने से शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, कुछ छात्रों के खाने में टैबलेट जैसी चीज और रैपर मिलने के बाद विवाद शुरू हुआ। खुद को बिहार का बताने वाले छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्होंने इसकी शिकायत प्रशासन और कैंटीन संचालक से की थी और दो दिन से बेहतर खाना देने की मांग कर रहे थे। छात्रों ने कश्मीरी छात्रों पर मारपीट शुरू करने का आरोप भी लगाया है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
5-6 छात्र घायल, अधिकांश नाबालिग
झड़प में 5 से 6 छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है। इनमें अधिकांश की उम्र 16-17 साल बताई जा रही है। वीडियो में एक छात्र सिर पर कपड़ा बांधे नजर आया, जबकि दूसरे ने पैर में चोट लगने का दावा किया। एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा ने मामले की जांच की बात कही है।
हिंदू नेताओं को गेट पर रोका
देर शाम बजरंग दल और कुछ हिंदू नेता इंस्टीट्यूट पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गेट पर ही रोक दिया। सामने आए वीडियो में पुलिस उन्हें अंदर जाने से रोकती दिखी। वहीं, कुछ छात्रों ने अंदर बाउंसरों द्वारा उन्हें बाहर न आने देने का दावा किया।
पुलिस ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा विवाद को धार्मिक रंग देने की कोशिश की गई, लेकिन स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। वीडियो में दिखाई दे रहे बैट, रॉड और ईंट-पत्थर के इस्तेमाल के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पंजाब बंद के चलते शुक्रवार को इंस्टीट्यूट बंद रखने की जानकारी प्रबंधन ने दी है। जरूरी काम के लिए केवल ड्यूटी पर तैनात स्टाफ मौजूद रहेगा।














