बीएसएफ मुख्यालय ब्लास्ट केस में बड़ा एक्शन, दिल्ली से मुख्य संदिग्ध हिरासत में

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: बीएसएफ के Jalandhar स्थित पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर हुए आईईडी ब्लास्ट मामले में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। सूत्रों के अनुसार इस साजिश के मुख्य संदिग्ध को दिल्ली से हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस के इनपुट पर दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन के तहत की गई।

जांच एजेंसियों को इस मामले के तार पाकिस्तान और खालिस्तानी नेटवर्क से जुड़े मिले हैं। बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी सोशल मीडिया के जरिए पंजाब के युवकों से संपर्क में था। वहीं आरोपी को जालंधर से ट्रैक करते हुए दिल्ली में दबोचा गया, जहां उससे लगातार पूछताछ जारी है।

मामले को लेकर पंजाब में देर रात तक बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। नकोदर, कपूरथला, नवांशहर, अमृतसर, तरनतारन और होशियारपुर समेत कई जिलों में पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने छापेमारी की। अब तक 17 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है।

पूरे मामले के बाद पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।