मावां धीयां सत्कार योजना का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचाना प्राथमिकता : मेयर वनीत धीर

वार्ड 79, 80, 82 और 84 में रजिस्ट्रेशन अभियान को सफल बनाने वाली सखियों को किया सम्मानित, घर-घर जाकर महिलाओं को योजना के प्रति किया जागरूक

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो (हरीश शर्मा)।पंजाब सरकार की ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। यह बात जालंधर नॉर्थ से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार एवं मेयर वनीत धीर ने जालंधर नॉर्थ स्थित अपने कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान कही।

इस अवसर पर मेयर वनीत धीर ने वार्ड नंबर 79, 80, 82 और 84 में योजना के तहत अधिक से अधिक महिलाओं का रजिस्ट्रेशन करवाने और सरकार की जनकल्याणकारी योजना को घर-घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने वाली सखियों को सम्मानित किया। उन्होंने सखियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी सरकारी योजना की सफलता तभी है, जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी पात्र महिला तक पहुंचे।