मेयर चुनाव से पहले कपूरथला में सियासी संग्राम! कांग्रेस पार्षदों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी, स्वीट हाउस सील करने पर हंगामा

कपूरथला/जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: कपूरथला नगर निगम मेयर चुनाव से ठीक एक दिन पहले शहर में सियासी माहौल गरमा गया। मंगलवार शाम विभिन्न सरकारी विभागों की टीमों ने कांग्रेस से जुड़े नेताओं और पार्षदों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर अचानक जांच और सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी। कांग्रेस ने इसे चुनाव से पहले दबाव बनाने की कोशिश बताते हुए सत्ता पक्ष पर ‘धक्केशाही’ का आरोप लगाया।

कार्रवाई के दौरान कांग्रेस पार्षद ज्योति धीर के पति डॉ. राजीव धीर के मेडिकल क्लीनिक पर ड्रग कंट्रोलर विभाग ने दवाइयों के स्टॉक और दस्तावेजों की जांच की।

वहीं, कांग्रेस पार्षद नेहा आहूजा के पति विशाल आहूजा के प्रतिष्ठान ‘न्यू अहूजा स्वीट्स’ को अवैध निर्माण का हवाला देते हुए नगर निगम की टीम ने सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी, जिसके विरोध में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और जमकर नारेबाजी की।

विशाल आहूजा का आरोप है कि उन्हें 6 जुलाई को नोटिस देकर तीन दिन का समय दिया गया था, लेकिन तय अवधि पूरी होने से पहले ही राजनीतिक दबाव में सीलिंग की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर कायम हैं।