जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो (हरीश शर्मा)। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने यूथ अकाली दल के संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए 11 नए सदस्यों को कोर कमेटी में शामिल किया है। इसके साथ ही पार्टी ने 20 जिलों के यूथ अकाली दल प्रधानों की घोषणा की है।

इन नियुक्तियों में अमृतबीर सिंह को दूसरी बार यूथ अकाली दल जालंधर शहरी-1 का प्रधान बनाया गया है। उनकी नियुक्ति से जालंधर में यूथ विंग को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

अमृतबीर सिंह ने पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, यूथ अकाली दल अध्यक्ष सरबजीत सिंह झिंझर और अकाली दल जालंधर अध्यक्ष इकबाल सिंह ढींडसा का आभार जताते हुए कहा कि वह पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ निभाएंगे।
उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल को मजबूत करने और युवाओं को पार्टी के साथ जोड़ने के लिए पूरी ताकत से काम किया जाएगा।














