जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। गांव सुभाना के विजय कुमार सुसाइड केस में पुलिस ने CIA स्टाफ के हेड कांस्टेबल पुष्पिंदर सिंह उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं, मामले में फरार सुक्खा की तलाश में छापेमारी जारी है।

पूछताछ में सन्नी ने माना कि विजय के बेटे को 4 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ पकड़ा गया था। हालांकि उसका दावा है कि उसने कोई पैसा नहीं लिया, बल्कि उसके मुखबिर सुक्खा ने रकम ली थी। पुलिस उसके बयान की जांच कर रही है और दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की तैयारी है।
सुसाइड से पहले वीडियो में लगाए थे गंभीर आरोप
मृतक की पत्नी रितु के अनुसार, 30 जून को उनके बेटे संतोष को हिरासत में लिया गया था। आरोप है कि उसे छुड़ाने के लिए 30 हजार रुपये नकद सुक्खा को और 20 हजार रुपये ऑनलाइन दिए गए। इसके बावजूद बेटे पर नशा तस्करी का केस दर्ज कर दिया गया।
रितु का आरोप है कि पैसे वापस मांगने पर विजय को धमकियां दी गईं। मौत से पहले बनाए वीडियो में विजय ने CIA स्टाफ के सन्नी, सुक्खा और एक अज्ञात नंबर से धमकियां मिलने की बात कही थी।
पुलिस ने पत्नी के बयानों और सुसाइड वीडियो के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।














