नई दिल्ली, रोजाना भास्कर ब्यूरो। कॉकरोच जनता पार्टी के आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली की स्पेशल कोर्ट (SEM) ने 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इनके साथ अजिंक्य शिंदे को भी गिरफ्तार किया गया था। उन्हें निजी मुचलके पर रिहा किया गया है।

आशुतोष, सौरव और अजिंक्य को मंगलवार सुबह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया था। इसके बाद रात 3 बजे तीनों को एहतियातन गिरफ्तार किया गया। आज सुबह तीनों की स्पेशल कोर्ट में पेशी हुई।
CJP की लीगल टीम की प्रमुख रत्ना सिंह ने X पर बताया कि तीनों पर बिना इजाजत जंतर-मंतर में घुसने, बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप हैं। आशुतोष और सौरव को तिहाड़ जेल भेजे जाने की संभावना है। दोनों को 10 अक्टूबर को भी फ्लाइट से हिरासत में लिया गया था।

दीपके बोले- सौरव और आशुतोष को गैरकानूनी हिरासत में रखा गया
CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने कहा- मैं सरकार से कहना चाहता हूं कि अगर आप देश में इमरजेंसी लगाना चाहते हैं, तो खुलकर आधिकारिक तौर पर लगाइए। यह अघोषित इमरजेंसी क्यों चला रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि कल से सौरव, आशुतोष और अजिंक्य को गैरकानूनी हिरासत में रखा गया और उन्हें अपने वकीलों तक से मिलने नहीं दिया गया। आज सुबह सौरव और आशुतोष को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। आखिर उनका गुनाह क्या था?














