जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो (हरीश शर्मा)। 27 अगस्त को प्रस्तावित पंजाब बंद को लेकर पंज पीर बाजार एसोसिएशन के प्रधान निरमल सिंह बेदी ने व्यापारियों के लिए स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि 27 अगस्त की हड़ताल सरकारी विभागों और सरकारी संगठनों तक सीमित है, इसका बाजारों, दुकानों, फैक्ट्रियों और निजी कारोबार से कोई संबंध नहीं है।

निरमल सिंह बेदी ने कहा कि पंज पीर बाजार समेत शहर के सभी बाजार खुले रहेंगे। किसी भी व्यापारी या दुकानदार को दुकान बंद करने के लिए नहीं कहा गया है और न ही व्यापारियों द्वारा दुकानें बंद की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस समय त्योहारी सीजन चल रहा है, ऐसे में बाजार बंद होने से व्यापारियों को आर्थिक नुकसान हो सकता है।
उन्होंने सरकारी संगठनों का भी धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी ओर से पहले ही स्पष्ट किया गया है कि किसी व्यापारी को दुकान बंद करने के लिए नहीं कहा गया है। इसलिए दुकानदार किसी तरह की अफवाह या भ्रम में न रहें और 27 अगस्त को सामान्य रूप से अपना कारोबार करें।
व्यापारियों के लिए साफ संदेश
एसोसिएशन ने सभी व्यापारिक संगठनों से यह संदेश अधिक से अधिक दुकानदारों तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि 27 अगस्त को लेकर किसी प्रकार की गलतफहमी न रहे।
दुकानें, बाजार, फैक्ट्रियां और निजी कारोबार सामान्य रूप से खुले रहेंगे। बंद केवल सरकारी विभागों/संगठनों की हड़ताल तक सीमित रहेगा।














