मेयर विनीत धीर और निगम कमिश्नर संदीप ऋषि की यूनियन नेताओं के साथ चंडीगढ़ में बैठक, मांगों पर बनी सहमति
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर में पिछले 5 दिनों से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल आखिरकार खत्म हो गई है। नगर निगम मेयर विनीत धीर, कमिश्नर संदीप ऋषि और सफाई कर्मचारी यूनियन के नेताओं के बीच चंडीगढ़ में हुई बैठक के बाद कर्मचारियों की मांगों पर सहमति बनी। इसके बाद यूनियन ने हड़ताल वापस लेकर काम पर लौटने का फैसला किया।

मॉडल टाउन से अर्बन स्टेट तक लगे थे कूड़े के ढेर
हड़ताल के चलते पिछले पांच दिनों से शहर में कूड़ा उठाने का काम लगभग ठप रहा। मॉडल टाउन, अर्बन स्टेट, पठानकोट चौक, आदर्श नगर समेत कई इलाकों में सड़कों और गली-मोहल्लों के बाहर कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग गए थे। बारिश के बाद कई जगह हालात और खराब हो गए, जिससे लोगों को दुर्गंध और गंदगी के कारण परेशानी झेलनी पड़ी।
आज से सफाई अभियान तेज होने की उम्मीद
हड़ताल खत्म होने के बाद सफाई कर्मचारी आज से दोबारा काम शुरू करेंगे। नगर निगम की ओर से पहले उन इलाकों में कचरा उठाने और सफाई करवाने को प्राथमिकता दिए जाने की उम्मीद है, जहां सबसे ज्यादा कचरा जमा है। लगातार पांच दिनों की गंदगी के बाद अब शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।














