जालंधर हाइट्स की 10वीं मंजिल से गिरी APJ कॉलेज की छात्रा, मौत

BA फाइनल ईयर की 21 वर्षीय महकप्रीत कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत; पुलिस ने आत्महत्या के एंगल से जांच शुरू की

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। 66 फीट रोड स्थित जालंधर हाइट्स की 10वीं मंजिल से गिरने के कारण APJ कॉलेज की BA फाइनल ईयर की छात्रा महकप्रीत कौर (21) की मौत हो गई। शनिवार सुबह हुई घटना के बाद उसकी मां उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक, महकप्रीत फ्लैट में चहलकदमी कर रही थी और बालकनी की ओर जाने के बाद संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गई। पुलिस के अनुसार, छात्रा पिछले कुछ समय से डिप्रेशन और मानसिक तनाव का इलाज करवा रही थी। घटनास्थल या कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। मोबाइल की तकनीकी जांच में भी फिलहाल कोई संदिग्ध साक्ष्य नहीं मिला है।

थाना सदर पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस आत्महत्या समेत घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। महकप्रीत का अंतिम संस्कार रविवार शाम मॉडल टाउन श्मशान घाट में किया गया।