पटियाला, रोजाना भास्कर ब्यूरो।दुष्कर्म के मामले में नामजद आम आदमी पार्टी के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला पुलिस ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी की पुष्टि एसएसपी वरुण शर्मा ने की है। पठानमाजरा पिछले कई महीनों से फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

उनके खिलाफ पटियाला के सिविल लाइन थाने में जीरकपुर निवासी एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया था। इससे पहले जब पुलिस टीम उन्हें गिरफ्तार करने हरियाणा के एक गांव में पहुंची थी, तो वह वहां से फरार हो गए थे। उन पर पुलिस पार्टी पर हमला कर भागने के आरोप भी लगे थे।
फरारी के दौरान उनके ऑस्ट्रेलिया में होने की चर्चाएं भी सामने आई थीं। इस बीच पठानमाजरा सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपनी सरकार पर निशाना साधते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ के दौरान अपने सनौर हल्के के लोगों के हकों की आवाज उठाने के कारण उनके खिलाफ बदले की भावना से मामला दर्ज किया गया।
अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
#Patiala #AAP #HarmitSinghPathanmajra #PunjabPolitics #CrimeNews #BreakingNews














