जालंधर, रोजाना भास्कर (हरीश शर्मा): जालंधर और अमृतसर में हुए धमाकों को लेकर पंजाब की राजनीति में घमासान मच गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा इन धमाकों के पीछे भाजपा का हाथ होने के आरोप लगाने पर शुक्रवार को जालंधर में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

भाजपा नेता पुलिस कमिश्नर कार्यालय शिकायत देने पहुंचे, लेकिन गेट बंद होने पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई। इसके बाद भाजपा नेताओं ने कमिश्नर को मांगपत्र सौंपते हुए मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व सांसद सुशील रिंकू, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, जिला भाजपा अध्यक्ष सुशील शर्मा और केडी भंडारी, पूर्व मेयर राकेश राठौर, पूर्व विधायक सर्बजीत मक्कड़ सहित कई नेताओं ने कहा कि एक तरफ DGP पाकिस्तान और ISI का हाथ बता रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ मुख्यमंत्री भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं।
भाजपा नेताओं ने CM मान के बयान को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए कहा कि अगर आरोप सही हैं तो भाजपा नेताओं को गिरफ्तार किया जाए, नहीं तो मुख्यमंत्री के खिलाफ FIR दर्ज होनी चाहिए।
पूर्व सांसद सुशील रिंकू ने कहा कि भाजपा हमेशा सेना और देश की सुरक्षा के साथ खड़ी रही है। उन्होंने CM मान से बयान साबित करने या जनता से माफी मांगने की मांग की।
जालंधर और अमृतसर धमाकों के बाद पंजाब में पहले ही हाई अलर्ट है, ऐसे में इस बयानबाजी ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है।














