चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब में नगर निगम और नगर काउंसिल चुनावों का ऐलान हो गया है। राज्य चुनाव आयुक्त राजकमल चौधरी ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि मतदान 26 मई को होगा, जबकि चुनाव परिणाम 29 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव तारीखों के एलान के साथ ही पूरे प्रदेश में आचार संहिता लागू कर दी गई है।

चुनाव आयोग के मुताबिक, नामांकन पत्र 13 से 16 मई तक दाखिल किए जाएंगे और 19 मई को उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। पंजाब में इस बार 8 नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के लिए चुनाव कराए जाएंगे।
राज्य में कुल 36 लाख 72 हजार 932 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। आयोग ने बताया कि नगर निगम चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार अधिकतम 4 लाख रुपये तक चुनाव खर्च कर सकेंगे।
पूरी चुनाव प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे।














