चंडीगढ़, रोजाना भास्कर ब्यूरो: पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। राज्य के कई इलाकों में तापमान 43 डिग्री के करीब पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने सोमवार को फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है, जबकि मंगलवार से इसका असर 10 जिलों तक फैलने की संभावना है। बुधवार से पूरा पंजाब लू की चपेट में आ सकता है।

रविवार को बठिंडा 43.1°C के साथ पंजाब का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं लुधियाना, पटियाला, फरीदकोट और अमृतसर समेत कई शहरों में पारा 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने से लोगों को राहत नहीं मिल रही।
चंडीगढ़ में भी अगले कुछ दिनों तक तेज धूप और गर्म हवाओं का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 22 मई तक शहर का तापमान 42 डिग्री तक पहुंच सकता है। बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब में मानसून 22 से 25 जून के बीच दस्तक दे सकता है। हालांकि इस साल सामान्य से कम बारिश का अनुमान लगाया गया है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।














