अमृतसर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। वरिष्ठ अकाली नेता एवं पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के अमृतसर स्थित आवास पर सोमवार को पंजाब पुलिस की टीम पहुंची, जिससे प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई। यह कार्रवाई मजीठा थाने से एक अकाली कार्यकर्ता को कथित तौर पर पुलिस हिरासत से छुड़ाकर ले जाने के मामले में दर्ज केस के सिलसिले में की गई।

पुलिस टीम के पहुंचने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अकाली कार्यकर्ता मौके पर जुट गए और पुलिस अधिकारियों के साथ तीखी बहस भी हुई।
रविवार को हुए घटनाक्रम के बाद पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप करने और हिरासत में लिए गए व्यक्ति को छुड़ाने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था, जिसमें मजीठिया को भी नामजद किया गया है।
वहीं, शिरोमणि अकाली दल ने इस कार्रवाई को राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए सरकार पर विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह कानून के दायरे में की जा रही है।














