पंजाब में गेहूं घोटाले की आशंका? विधायक ने आधी रात शेलर में मारी रेड, मचा हड़कंप!

चंडीगढ़/जगराओं, रोजाना भास्कर ब्यूरो। सरकारी गेहूं के कथित घोटाले की आशंका के बीच मंगलवार देर रात हलका विधायक Sarabjit Kaur Manuke ने जीटी रोड स्थित एक राइस मिल में अचानक छापेमारी कर दी।

विधायक का दावा है कि मौके पर सरकारी गेहूं की बोरियों पर पाइप के जरिए पानी डालकर उनका वजन बढ़ाया जा रहा था। उनके पहुंचते ही वहां मौजूद लोग पाइप छोड़कर मौके से फरार हो गए।

बोरियों पर डाला जा रहा था पानी, वजन बढ़ाने का शक

विधायक के अनुसार उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि स्पेशल ट्रेन के जरिए गेहूं भेजने से पहले उसका वजन बढ़ाने के लिए यह खेल खेला जा रहा है।

सूचना मिलते ही उन्होंने अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को भी तुरंत बुलाया गया।

पुलिस और प्रशासन हरकत में, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शेलर प्रबंधन से भी जवाब मांगा गया है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामले में किसी कर्मचारी, शेलर मालिक या अधिकारी की भूमिका है या नहीं।

दोषी पाए जाने पर होगी सख्त कार्रवाई

विधायक ने कहा कि यह गेहूं गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए रखा गया है, ऐसे में वजन बढ़ाने के लिए गुणवत्ता से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस छापेमारी के बाद सरकारी गेहूं के भंडारण और निगरानी व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं और पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।