जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: जालंधर के चर्चित डॉ. मीनाक्षी सूद मौत मामले में जांच तेज हो गई है। मृतका के पिता की शिकायत पर पति और नेशनल आई केयर अस्पताल के संचालक डॉ. पीयूष सूद के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद वह कथित तौर पर फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि डॉ. पीयूष ने पत्नी की जानकारी के बिना उनके नाम पर करीब ढाई करोड़ रुपये का लोन लिया था, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थीं। साथ ही अस्पताल की एक महिला कर्मचारी से कथित संबंधों को लेकर भी पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था।

मामले में एक CCTV वीडियो भी चर्चा में है, जिसे परिवार ने पुलिस को सौंपा है। वहीं, डॉ. मीनाक्षी के शव का मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया गया है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विसरा और अन्य सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल मामले ने जालंधर के चिकित्सा जगत में हलचल मचा दी है।














