जालंधर में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, BMS शोरूम को बनाया निशाना

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर के व्यस्त किशनपुरा चौक स्थित BMS फैशन स्टोर पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने चलते वाहन से शोरूम पर गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोलियां लगने से शोरूम के शीशे टूट गए।

घटना के बाद आसपास के दुकानदारों और लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली खोल बरामद किया है और जांच शुरू कर दी है।

फायरिंग की पूरी वारदात शोरूम में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दो युवक बाइक पर आते और गोली चलाकर भागते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

बताया जा रहा है कि यह शोरूम शहर का चर्चित फैशन स्टोर है, जहां कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और मशहूर यूट्यूबर अरमान मलिक भी शॉपिंग कर चुके हैं। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है, वहीं शोरूम मालिक से भी पूछताछ जारी है।