जालंधर में देर रात फायरिंग से सनसनी: होम्योपैथिक क्लिनिक मिले गोलियों के निशान, पुलिस जांच में जुटी 

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक और घटना सामने आई है। जालंधर के आर्यन होम्योपैथिक क्लिनिक पर देर रात अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, रविवार देर रात हुई इस घटना की जानकारी सोमवार सुबह सामने आई, जब आसपास के दुकानदार अपने प्रतिष्ठान खोलने पहुंचे। मौके पर पुलिस की मौजूदगी और क्लिनिक के बंद होने से इलाके में चर्चा फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि क्लिनिक का शटर खुला हुआ था और अंदर का शीशा टूटा मिला, जिससे फायरिंग की आशंका और मजबूत हो गई।

पास की दुकान चलाने वाले हरविंदर सिंह ने बताया कि रविवार को बाजार बंद था, इसलिए किसी को घटना की भनक नहीं लगी। सुबह पहुंचने पर टूटा हुआ शीशा और पुलिस की कार्रवाई देखकर गोलीबारी की जानकारी मिली।

फिलहाल थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही हमलावरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।