जालंधर में युवक के कथित अपहरण से मचा हड़कंप, पुलिस ने कुछ ही घंटों में किया सकुशल बरामद

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। शहर के भार्गव कैंप थाना क्षेत्र के अवतार नगर में रविवार देर रात एक युवक के साथ मारपीट कर कथित अपहरण का मामला सामने आया। आरोप है कि 5 से 7 युवक घर का दरवाजा खुलवाकर जबरन अंदर घुसे, छत पर मौजूद शुभम नामक युवक को नीचे खींचकर उसके साथ मारपीट की और फिर कार में बैठाकर फरार हो गए। पूरी घटना से इलाके में दहशत फैल गई, जबकि युवक को जबरन ले जाते हुए आरोपी CCTV कैमरे में भी कैद हुए।

परिजनों के अनुसार, रात करीब 11 बजे शुभम घर की छत पर था। इसी दौरान कुछ युवक घर पहुंचे और दरवाजा खुलते ही अंदर घुस गए। उन्होंने बिना कोई कारण बताए शुभम के साथ मारपीट की।

परिवार ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी युवक को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए। घटना के बाद परिजनों ने तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कमिश्नरेट पुलिस जालंधर हरकत में आई। ACP वेस्ट आतिश भाटिया (PPS) ने बताया कि पुलिस ने तत्काल विशेष अभियान चलाया और कुछ ही घंटों में युवक को सकुशल बरामद कर उसके परिवार के हवाले कर दिया। पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और घटना के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।