विदेश भेजने के नाम पर 11.5 लाख की धोखाधड़ी का आरोप, किसान यूनियन ने दी ‘पक्का मोर्चा’ लगाने की चेतावनी

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: शहर की गुजराल इमीग्रेशन पर फाजिल्का निवासी किसान दरबार सिंह ने अपने बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर कथित तौर पर 11.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार के अनुसार, एजेंट ने प्रोसेसिंग और दस्तावेजी कार्रवाई के नाम पर बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवाई और जल्द वीजा दिलाने का भरोसा दिया।

दरबार सिंह का आरोप है कि उनके पास करीब 32 लाख रुपये का बैंक बैलेंस और लोन की व्यवस्था थी, लेकिन एजेंट ने फाइल में कई कमियां निकाल दीं। परिवार का कहना है कि करीब एक साल तक वीजा के लिए इंतजार करने के बावजूद कोई नतीजा नहीं निकला। रकम वापस मांगने पर कथित तौर पर बार-बार नई तारीख देकर टालमटोल की गई।

पीड़ित के मुताबिक, 28 तारीख को पैसे लौटाने की अंतिम समय-सीमा तय की गई थी, लेकिन आरोप है कि एजेंट अपनी बात से मुकर गया और कार्यालय पर ताला लगाकर चला गया।

किसान यूनियन ने किया प्रदर्शन, सख्त कार्रवाई की मांग

मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन पीड़ित परिवार के समर्थन में उतर आई। प्रदेश उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह संधू की अगुवाई में दर्जनों किसानों ने गुजराल इमीग्रेशन के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की।

किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित किसान की पूरी रकम वापस नहीं की गई, तो एजेंट के कार्यालय और घर के बाहर ‘पक्का मोर्चा’ लगाकर घेराव किया जाएगा। यूनियन ने प्रशासन से मामले में केवल खानापूर्ति न करते हुए आरोपों की जांच कर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

नोट: ट्रैवल एजेंट पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित एजेंट/पक्ष का आधिकारिक जवाब सामने आना बाकी है।