जालंधर में रॉयल ओवरसीज कंसलटेंट पर हंगामा: पासपोर्ट न लौटाने का आरोप, बोले-3 हजार मांग रहे; थाने ले गई पुलिस 

जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। जालंधर की ताज मार्केट स्थित रॉयल ओवरसीज कंसलटेंट के दफ्तर में मलेशिया भेजने के नाम पर एक युवक का पासपोर्ट रोकने पर विवाद हो गया। लुधियाना के राहों रोड (बस्ती जोधेवाल) के रहने वाले पीड़ित संदीप कुमार ने आरोप लगाया कि उसने मलेशिया का वर्क परमिट लगवाने के लिए ट्रैवल एजेंसी को पासपोर्ट दिया था।

हालांकि, कंपनी की ओर से उसे टूरिस्ट वीजा पर भेजने की तैयारी की जा रही थी। जब उसने अपना पासपोर्ट वापस मांगा तो एजेंसी संचालकों ने पासपोर्ट लौटाने से इनकार कर दिया और 3000 रुपए की मांग की, जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया।

घटना के दौरान स्थिति उस वक्त ज्यादा तनावपूर्ण हो गई जब पीड़ित पक्ष ने अपना पासपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाने के लिए दफ्तर से एक मोबाइल फोन उठा लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई।

पीड़ित परिवार की तरफ से मौके पर पुलिस बुलाई गई। पीड़ित का कहना है कि उसने कोई पैसा नहीं दिया था, सिर्फ डील की बात हुई थी, लेकिन एजेंसी जबरदस्ती कर रही थी। पुलिस दोनों पार्टियों को थाने ले गई है।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी

घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाया। जांच अधिकारी (एएसआई सुच्चा सिंह) ने बताया कि फोन उठाने और पासपोर्ट रोकने के दोनों आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए थाने ले गई है।

वहीं मौके पर पहुंचे समाज सेवी सम्राट ने कहा कि कानून हाथ में लेकर फोन उठाना गलत कदम था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी पड़ताल के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।