नशे की हालत में स्कूल पहुंचा था बिहार निवासी व्यक्ति; बच्चे के अपहरण से जुड़ा कोई तथ्य या शिकायत नहीं मिली
जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। न्यू शहीद बाबू लाभ सिंह नगर स्थित माता गुजरी खालसा स्कूल में एक संदिग्ध व्यक्ति के दाखिल होने के बाद सोशल मीडिया पर बच्चे को उठाने की कोशिश से जुड़ी खबर वायरल हो गई। हालांकि, पुलिस ने इस दावे को तथ्यहीन बताया है।

ACP वेस्ट आतिश भाटिया ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि राम बहादुर निवासी बिहार, जो फिलहाल मकसूदां मंडी के पास रह रहा है, शराब के नशे की हालत में स्कूल परिसर में दाखिल हुआ था। पुलिस के अनुसार, वह स्कूल में एक बच्चे की एडमिशन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी लेने के लिए पूछताछ कर रहा था।

स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को दी सूचना
व्यक्ति की गतिविधियों को लेकर स्कूल प्रबंधन को संदेह हुआ, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राम बहादुर को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान उसके खिलाफ कोई पुराना आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली। इसके अलावा, बच्चा उठाने या अपहरण के प्रयास से संबंधित कोई तथ्य अथवा शिकायत भी सामने नहीं आई है।
पुलिस की लोगों से अपील—बिना पुष्टि अफवाह न फैलाएं
पुलिस ने लोगों और मीडिया से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली किसी भी अपुष्ट खबर, अफवाह या पोस्ट को बिना सत्यापन आगे शेयर न किया जाए, ताकि लोगों में अनावश्यक डर और भ्रम की स्थिति पैदा न हो।
वहीं, स्कूल में उक्त व्यक्ति के प्रवेश के तरीके और स्कूल की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्कूल प्रबंधन से बातचीत की जा रही है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपायों पर भी विचार किया जा रहा है।
नोट: सोशल मीडिया पर बच्चे के अपहरण की कोशिश का दावा वायरल हुआ था, लेकिन पुलिस की प्राथमिक जांच में फिलहाल ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है।













