झोटा हत्याकांड के विरोध में पंजाब बंद का व्यापक असर: जालंधर के गुरु नानक मिशन चौक पर तनाव के बाद दो बड़े अकाली नेता हिरासत में! कमिश्नर ने बंद नहीं होने दिया नेशनल हाईवे 

परविंदर झोटा हत्याकांड के विरोध में पंजाब बंद का व्यापक असर, बाजार बंद और हाईवे जाम

मानसा में SHO सस्पेंड, आरोपी केमिस्ट की पत्नी हिरासत में; पिता ने शव लेने से किया इनकार, CBI जांच की मांग

पंजाब, रोजाना भास्कर ब्यूरो। एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में 15 अक्टूबर को बुलाए गए पंजाब बंद का कई जिलों में व्यापक असर देखने को मिला। जालंधर, लुधियाना, बठिंडा, मानसा, गुरदासपुर और पठानकोट समेत कई शहरों में बाजार बंद रहे। कई जगह निजी स्कूल-कॉलेज भी नहीं खुले। किसान संगठनों ने लुधियाना, बठिंडा और मोहाली में चंडीगढ़ की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर जाम लगाया। जालंधर, बठिंडा और फरीदकोट में कुछ किसान नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

मानसा में SHO सस्पेंड, DSP के खिलाफ जांच की सिफारिश

मामले में कार्रवाई करते हुए मानसा के SSP वैभव चौधरी ने सिटी-2 थाने की SHO बेअंत कौर को सस्पेंड कर दिया है। DSP हरजिंदर सिंह गिल के खिलाफ जांच के लिए DGP कार्यालय को सिफारिश भेजी गई है। पुलिस ने आरोपी मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार की पत्नी नीलम रानी को भी हिरासत में लिया है। आरोप है कि उसने वारदात के बाद अपने पति को फरार होने में मदद की।

पिता ने शव लेने से किया इनकार, CBI जांच की मांग

परविंदर झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि वह नशे की बिक्री का विरोध करते थे। मृतक के पिता भीमा सिंह ने शव लेने से इनकार करते हुए हत्याकांड की CBI जांच की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने परिवार से अंतिम संस्कार को लेकर बातचीत की, लेकिन सहमति नहीं बन पाई।

लुधियाना में प्रदर्शन के दौरान युवक की मौत

लुधियाना के शेरपुर चौक पर प्रदर्शन के दौरान बैनर लगाते समय करंट लगने से जसनदीप सिंह की मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम छा गया। उधर, जालंधर के ज्योति चौक और रैणक बाजार में दुकानें बंद रहीं। पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने गुरु नानक मिशन चौक पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

जालंधर। परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के विरोध में बुलाए गए पंजाब बंद के दौरान जालंधर के गुरु नानक मिशन चौक पर तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला। बंद के दौरान पुलिस ने दो बड़े अकाली नेताओं को हिरासत में लिया।

घटना के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई। पंजाब बंद के मद्देनजर पुलिस प्रशासन शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क नजर आया।