जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। कनाडा के कैल्गरी में फिरौती और गोलीबारी की घटनाओं से जुड़े 59 मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने 17 वांछित व्यक्तियों की तस्वीरें और पहचान संबंधी विवरण सार्वजनिक किए हैं।
पुलिस के अनुसार, इनमें अधिकतर पंजाबी युवा हैं, जो स्टडी परमिट पर कनाडा पहुंचे थे। अधिकारियों ने लोगों से इनकी पहचान और संभावित ठिकानों के बारे में जानकारी देने की अपील की है।

पुलिस को आशंका है कि कुछ वांछित व्यक्ति कनाडा छोड़कर भारत भी आ चुके हो सकते हैं। यदि इसकी पुष्टि होती है, तो संबंधित कानूनी और अंतरराष्ट्रीय प्रक्रियाओं के तहत उनकी तलाश में सहयोग लिया जा सकता है।
पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिया है।
पुलिस की सूची में शामिल 17 व्यक्तियों के नाम: गगनदीप सिंह उर्फ गग्गी, तानवीर सिंह, कनुरीत कौर, रवजोत तूर, आकाशदीप सिंह, गुरकरन धालीवाल, इशानदीप सिंह, जरमनजीत सिंह उर्फ गैरी सिंह, अमनदीप सिंह, तरनवीर सिंह, करनबीर सिंह, अमनदीप मल्लि, संदीप सिंह उर्फ हरमन गिल, परदीप सिंह, जसकरन सिंह उर्फ जस्सी बुट्टर, अनुराग सिंह सिद्धू और दक्ष गौतम।
महत्वपूर्ण: पुलिस की वांछित सूची में नाम शामिल होने का अर्थ दोष सिद्ध होना नहीं है। सभी आरोपों पर फैसला अदालत में साक्ष्यों और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर होगा।














