जालंधर , रोजाना भास्कर ब्यूरो: गुरुवार को ट्रेन संख्या 22488 (अमृतसर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस) से यात्रा कर रही एक महिला यात्री का लैपटॉप बैग जल्दबाजी में जलंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर छूट गया। बैग में नकद एक लाख बीस हजार रूपये,एक पर्स और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज थे।
लैपटॉप बैग छूटने का पता चलने पर महिला यात्री ने अपने परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने तत्काल ड्यूटी पर तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक जलंधर कैंट हेमंत शर्मा को घटना से अवगत कराया।
हेमंत शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए बैग को खोज निकाला और सत्यापन के बाद महिला यात्री के परिजन को सुरक्षित सौंप दिया। महिला यात्री के परिजनों ने टिकट चेकिंग स्टाफ की तत्परता और ईमानदारी के लिए आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने हेमंत शर्मा के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह घटना रेलवे कर्मचारियों की ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और यात्रियों के प्रति सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।














