जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: विश्वविख्यात अग्रोहा धाम (हिसार) में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर अग्रोहा विकास ट्रस्ट द्वारा 25 अक्टूबर को विशाल शरद पूर्णिमा मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में देश-विदेश से हजारों अग्रवाल एवं वैश्य समाज के श्रद्धालु शामिल होकर महाराजा अग्रसेन जी और कुलदेवी मां महालक्ष्मी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

अग्रोहा विकास ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस मेले में हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल महामहिम कविंद्र गुप्ता, विश्वविख्यात उद्योगपति, हिसार की विधायक सावित्री जिंदल, पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र गोयल, हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, पंजाब सरकार के पूर्व मंत्री एवं अग्रवाल सभा पंजाब के अध्यक्ष सरूप चंद सिंगला तथा राज्यसभा के पूर्व सांसद सुभाष गोयल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संत-महात्मा शामिल होंगे।
अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के दोआबा अध्यक्ष शांत गुप्ता तथा पंजाब सरकार के अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड, जालंधर सेंट्रल के चेयरमैन राजन गुप्ता ने बताया कि मेले के अवसर पर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का विवरण इस प्रकार है:
* प्रातः 6:00 बजे: अग्रोहा धाम के ऐतिहासिक शक्ति सरोवर में स्नान
* प्रातः 7:00 बजे: मंदिरों में आरती एवं पूजा-अर्चना
* प्रातः 8:00 बजे: भव्य कलश यात्रा
* प्रातः 9:00 बजे: भोजन प्रसाद
* प्रातः 10:00 बजे: कुलदेवी मां महालक्ष्मी को छप्पन भोग
* प्रातः 10:30 बजे: ध्वजारोहण
* दोपहर 12:00 से 3:00 बजे तक: महाअधिवेशन, जिसमें अतिथियों के उद्बोधन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
शांत गुप्ता एवं राजन गुप्ता जालंधर जिला अध्यक्ष ने बताया कि पंजाब प्रदेश से बड़ी संख्या में अग्रवाल एवं वैश्य समाज के बंधुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन के राज्य पदाधिकारियों, जिला प्रभारियों एवं जिला अध्यक्षों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से इस विशाल धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इस अवसर पर उद्योगपति अश्वनी अग्रवाल, विकास बंसल, ललित मित्तल, करण जिंदल एवं मैगल गुप्ता भी उपस्थित थे।














