जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो: त्योहारी सीजन के मद्देनजर जालंधर में पटाखा मार्केट लगाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। पठानकोट रोड स्थित गांव राओवाली में इस बार 13 एकड़ में पटाखा बाजार सजाया जाएगा।

सोमवार को प्रशासन की ओर से रेडक्रॉस भवन में अस्थायी पटाखा दुकानों के लाइसेंस आवंटित करने के लिए लकी ड्रा निकाला गया। इसमें कुल 410 आवेदकों में से 20 कारोबारियों को दुकानें लगाने के लिए लाइसेंस दिए गए। इसके अलावा दो अतिरिक्त नामों का भी ड्रा निकाला गया, ताकि किसी चयनित व्यापारी का लाइसेंस रद्द होने की स्थिति में दूसरे आवेदकों को मौका दिया जा सके।

एडीसी अमनिंदर कौर की मौजूदगी में निकला ड्रा
पटाखा मार्केट में दुकानें लगाने के लिए शहर के कारोबारियों में काफी उत्साह देखने को मिला। कुल 410 व्यापारियों ने अस्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन किया था। एडीसी अमनिंदर कौर की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से ड्रा की प्रक्रिया पूरी की गई। चयनित 20 कारोबारियों के नाम घोषित करने के बाद प्रशासन की ओर से उनके लाइसेंस जारी कर दिए गए।
सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य
प्रशासन ने पटाखा कारोबारियों को सुरक्षा मानकों और निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए प्रत्येक दुकान के बाहर रेत से भरी बाल्टियां, पानी की टंकियां और अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य किया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अदालत में मामला जाने से तैयारियों में हुई देरी
पटाखा मार्केट एसोसिएशन के प्रधान विकास भंडारी ने बताया कि इस बार बाजार की तैयारियों में करीब छह दिन की देरी हुई है। गांव के सरपंच की ओर से अदालत में याचिका दायर किए जाने के कारण तैयारियों का काम प्रभावित हुआ।
उन्होंने कहा कि पटाखा एसोसिएशन को हर साल बाजार लगाने के लिए उपयुक्त जगह तलाशने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। पिछले वर्ष जगह कम होने के कारण पार्किंग की भारी समस्या आई थी, जिससे कारोबारियों को नुकसान की चिंता भी सताती रही। इस बार बेहतर व्यवस्था और पर्याप्त जगह उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राओवाली में 13 एकड़ क्षेत्र में पटाखा मार्केट लगाई जा रही है।














