जालंधर, रोजाना भास्कर ब्यूरो। पंजाब सरकार के मुख्य सचिव एवं वित्त विभाग के अधिकारी केपी सिन्हा गुरुवार को जालंधर स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए। उन्हें 26 नवंबर को जांच में शामिल होने के लिए समन जारी किया गया था। बताया जा रहा है कि उन्होंने दिल्ली में होने का हवाला देकर पेशी से छूट मांगी है।

यह जांच मोहाली के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में कथित अनियमितताओं और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोपों से जुड़ी है। ईडी जमीन अधिग्रहण, नीलामी, आवंटन, CLU मंजूरी और बिल्डरों को कथित रियायतें देने से जुड़े फैसलों की जांच कर रही है।
इस मामले में ईडी पहले पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा, IAS अधिकारी कंवलप्रीत बराड़ और गमाडा व हाउसिंग विभाग के अन्य अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है। सितंबर में गमाडा मुख्यालय और हाउसिंग विभाग से जुड़े 26 ठिकानों पर छापेमारी भी की गई थी। अब मौजूदा मुख्य सचिव केपी सिन्हा और प्रमुख वित्त सचिव को समन जारी किए गए हैं।














